कोविड-19 के बढ़ते मामले से रहें सतर्क, सावधानी से करें होली की तैयारी
- जब भी निकलें मास्क लगाकर निकलें व दूसरों से कम से कम दो गज की दूरी बनाकर रखें
By admin
M v online bihar news/बक्सर, 3 मार्च | जिस प्रकार से कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ रहा है, उसने स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में सारे विभाग कोविड-19 के प्रसार व संक्रमण को कम करने में लगे हुये हैं। लेकिन, इसके लिए हमें भी प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करना होगा, ताकि संक्रमण को कम किया जा सके। कोरोना वायरस के संक्रमण को समाप्त करने के उद्देश्य से जिले में वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है। लेकिन, अभी भी जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण की संभावना समाप्त नहीं हुई है। देश के कई राज्यों में संक्रमण का प्रसार एक बार फिर शुरू हो चुका है। जिसको लेकर राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन संक्रमण के प्रसार को रोकने की तैयारी में जुट गया है। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग जिलेवासियों से पूर्व की भांति कोविड-19 के सामान्य नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है। जिससे संक्रमण के प्रसार की संभावना न उत्पन्न हो सके।
घर के अंदर और बाहर सतर्क रहना जरूरी :
एसीएमओ सह सीडीओ डॉ. नरेश कुमार ने बताया संक्रमण काल में घर और बाहर दोनों जगह सतर्क रहना है। यदि कोई बाजार से सामान ला रहे हैं, तो आपको और भी ज्यादा सतर्क रहना होगा। लोग अपना चेहरा और हाथ ढ़क कर निकलें। लोगों से छह फीट की दूरी बनाकर रखें। मास्क लगाएं और चेहरे पर हाथ रखने से रुके। खासकर सब्जी दुकानों पर विशेष ध्यान रखें। राज्य में फिलहाल कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रसार शुरू नहीं हुआ है। लेकिन, जिस प्रकार से लोग विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के जारी गाइडलाइन्स को लेकर उदासीन दिख रहे हैं, उसे देखकर संक्रमण के प्रसार को नकारा नहीं जा सकता। बाजारों व अन्य स्थानों में अब पहले की भांति नियमों का पालन कम देखा जा रहा है। जो बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है। ऐसे में लोगों को विवेक से काम लेते हुए कोरोना संक्रमण प्रसार की संभावना को देखते हुए और भी ज्यादा सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है।
सतर्कता से करें होली के स्वागत की तैयारी:
रंगों का त्यौहार होली में कुछ ही दिन शेष है । लोगों में होली को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और लोग अभी से खरीदारी और तैयारी करने में जुट गए हैं। बाजारों में खासी भीड़ देखी जा रही है और लोग लापरवाह नजर आ रहे हैं। यह स्थिति सही नहीं है और संक्रमण को न्योता दे सकती है। टीकाकरण के उपरांत भी लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है और संक्रमण के इस नए दौर से निपटने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग जरुरी है।

