भरत भूषण तिवारी प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच हो, दोषी पुलिस अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए – विश्वामित्र सेना
BY ADMIN
MV ONLINE BIHAR NEWS
बक्सर/आरा : विश्वामित्र सेना ने भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की पुलिस कार्रवाई के बाद हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संगठन ने कहा कि यदि जांच में पुलिस मुठभेड़ अवैध या फर्जी पाई जाती है, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा जांच पूरी होने तक उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।
विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा, भरत भूषण तिवारी की संदिग्ध मृत्यु अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। यदि पुलिस ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए किसी निर्दोष व्यक्ति की जान ली है, तो ऐसे कृत्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
हमारी मांग है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जिस अधिकारी के नेतृत्व में यह कथित मुठभेड़ हुई, उसे जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। यदि जांच में दोष सिद्ध होता है तो उसके विरुद्ध हत्या सहित सभी प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। कानून से ऊपर कोई नहीं है और न्याय हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
विश्वामित्र सेना ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित करने की भी मांग की है। संगठन ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में कानून व्यवस्था पर लोगों के विश्वास को कमजोर करती हैं, इसलिए सरकार को बिना किसी पक्षपात के सच्चाई सामने लानी चाहिए।



