नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा, पड़ोस युवा संसद में गूंजा नशामुक्ति का संदेश
BY ADMIN
MV BIHAR NEWS
चौसा। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने और सामाजिक बदलाव में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को चौसा प्रखंड की पवनी पंचायत स्थित हाईस्कूल परिसर में प्रखंड स्तरीय पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘नशामुक्त युवा’ रही। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान संसदीय कार्यप्रणाली का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। युवाओं ने नशे की लत से होने वाले नुकसान, विद्यार्थियों के भविष्य पर इसके प्रभाव तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उपायों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौसा प्रखंड के उप प्रमुख मोहित दुबे ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि जदयू अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ, बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष रामजीत गोंड ने कहा कि नशामुक्त युवा ही देश के विकास की असली ताकत हैं। युवा राष्ट्र की महत्वपूर्ण पूंजी हैं। यदि वे नशे की गिरफ्त में आ जाएंगे, तो देश की प्रगति प्रभावित होगी। इसलिए युवाओं को शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा चौसा मंडल के महामंत्री रवि गुप्ता, पवनी हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक प्रभुदयाल यादव, रवि चौबे और गोपाल राय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज सिंह कुशवाहा ने किया। इसका आयोजन गणेश कुमार और संजय गोंड के प्रयासों से किया गया। विद्यालय की शिक्षिकाएं पूनम कुमारी, अनुकक्षा कुमारी, पूजा यादव, ममता कुशवाहा और अंजली केशरी सहित शिक्षक अभिषेक, संदीप और अवधेश भी मौजूद रहे। आयोजकों गणेश कुमार और संजय गोंड ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय कार्यप्रणाली, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।

