बक्सर में राज्यस्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 360 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
BY ADMIN
MV BIHAR NEWS
बक्सर। खेल प्रतिभाओं को मंच देने और खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से एमपी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में मंगलवार को तीन दिवसीय राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 27 से 29 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें राज्य के नौ प्रमंडलों और एक एकलव्य टीम के कुल 360 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विभिन्न प्रमंडलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से अतिथियों को सलामी दी। छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। इस दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टॉस के साथ मुकाबलों की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय तैराकी पदक विजेता विजेन्द्र राय को सम्मानित किया गया। वहीं, राष्ट्रीय तीरंदाज मुक्ति नारायण पाठक के नेतृत्व में एमपी उच्च विद्यालय में धनुर्विद्या प्रशिक्षण की शुरुआत भी हुई। जिलाधिकारी ने फीता काटकर तथा लक्ष्य पर निशाना साधकर इसका उद्घाटन किया।पहले दिन अंडर-14 वर्ग में पटना ने दरभंगा को पांच अंक, भागलपुर ने तिरहुत को चार अंक, मुंगेर ने पूर्णिया को दस अंक और मगध ने कोशी को छह अंक से हराया। अंडर-17 में पटना और मुंगेर ने जीत दर्ज की, जबकि अंडर-19 में दरभंगा ने पूर्णिया को 11 अंक से पराजित किया।
खेल क्लब बक्सर के अध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय ने संदेश देते हुए :-
जिले के सभी विद्यालयों के बच्चों से खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना मजबूत होती है। उन्होंने युवाओं से खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत कर अपनी प्रतिभा के दम पर बक्सर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

