दुर्गा पूजा से शुरू होगा त्यौहारों का सिलसिला, लौटने वाले परदेसियों को सबसे पहले कोरोना जांच कराना अनिवार्य
BY ADMIN
M V ONLINE BIHAR NEWS/बक्सर/09 अक्टूबर: दुर्गा पूजा से जिले में पर्व त्यौहारों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। जो छठ महापर्व तक चलेगा। इन पर्व-त्यौहारों में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों व अन्य जिलों से बक्सर में परदेसी लौटेंगे। ऐसे में जहां वह घर में खुशियां लाएंगे। वहीं, उनके साथ-साथ कोरोना संक्रमण का खतरा भी घर आएगा। इस क्रम में परदेसी यात्रियों व लोगों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस ली है। त्यौहारों में घर लौटने वाले लोगों को घर जाने से पहले कोरोना जांच की व्यवस्था की जा रही है। ताकि, लोग अपने माता-पिता व बच्चों से मिलने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि कहीं वह कोरोना संक्रमण की चपेट में तो नहीं हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर कोरोना जांच की व्यवस्था कर रहा है। साथ ही, स्टेशन व बस स्टैंड में कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बैनर व पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।
लोगों को सामुदायिक व्यवहार में परिवर्तन लाना होगा :
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ ने बताया कोरोना संक्रमण प्रसार की गति भले ही अभी धीमी हुई है। लेकिन, अभी भी जिले से कोरोना का खतरा टला नहीं है। ऐसे में संक्रमण से बचने के लिए लोगों को सामुदायिक व्यवहार में परिवर्तन लाना होगा। ताकि, वह खुद को और अपने परिजनों को कोरोना के संक्रमण से बचा सकें। पर्व-त्यौहारों कई लोग वापस आएंगे। बाहर से किसी के वापस आने पर सबसे पहले उनकी स्वास्थ्य जांच जरूरी है। इसके लिए परिवार के सदस्यों को अपने नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों को सूचना देना चाहिए। जांच के बाद अगर व्यक्ति संक्रमित पाया जाता है तो उसे होम आइसोलेशन में पूरी सावधानी के साथ रहना होगा। लोगों के सावधान व सतर्क रहने से आपके पूरे परिवार को संक्रमण के चपेट में आने से बचाया जा सकता है।सामाजिक व शारीरिक दूरी का पूरी तरह से पालन जरूरी :
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ ने बताया त्यौहारों के शुरू होने से बाजारों में लोगों की चहलकदमी भी बढ़ गई है। बाजार में लोगों की बढ़ती सक्रियता से उसमें संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में यदि कोई किसी विशेष कार्य के लिए बाहर निकल रहा है, तो वह शारीरिक दूरी का पूरी तरह से पालन जरूर करें। लोगों से 2 गज की दूरी बनाएं रखें। बिना वजह यहां-वहां न थूकें। लोगों से हाथ मिलाने या दुकान पर उपलब्ध सामानों को ज्यादा हाथ न लगाएं। ज्यादा ख़रीददारी करने की स्थिति में हाथों में ग्लब्स का इस्तेमाल जरूर करें। हैंड सैनिटाइजर का नियमित उपयोग करते रहें। बाहर से घर वापस आकर घर मे प्रवेश करने से पहले जूता-चप्पल बाहर खोलकर हाथ-पैर को अच्छी तरह से धोएं। इससे लोगों के कोरोना से संक्रमित होने का खतरा कम रहेगा और वह सुरक्षित रहेंगे।

