लंबित मामलों के निष्पादन में लाएं तेजी,दीपावली पर सतर्क रहे पुलिस: एसपी शुभम आर्य
BY ADMIN
M V BIHAR NEWS
डुमरांव। डुमरांव अनुमंडल पुलिस कार्यालय में एसपी शुभम आर्य ने निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित आपराधिक मामलों के अनुसंधान और निष्पादन की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामलों के अनुसंधान में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसपी ने एएसपी भास्कर रंजन से विभिन्न थानों में दर्ज लंबित कांडों, अनुसंधान की प्रगति और अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिस पदाधिकारी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करें।
साथ ही, कांडों की नियमित समीक्षा कर अनुसंधान में आने वाली बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया। एसपी ने आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया। उन्होंने जुआ खेलने और अवैध रूप से जुआ संचालित करने वालों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाने तथा शराब की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा।उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की हिदायत दी। एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वहीं, एएसपी भास्कर रंजन ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।






















