भ्रांतियों को दरकिनार कर लोग करवा रहे हैं टीकाकरण
जिले में एक लाख से अधिक की आबादी को में दिया जा चुका है कोविड-19 का टीका
जिला प्रतिरक्षण विभाग ने राज्य मुख्यालय से की है और भी डोज आवंटित करने मांग
By amit kumar
M v online Bihar news/बक्सर, 15 अप्रैल | जिले में कोविड-19 के टीकाकरण को लेकर लोगों का उत्साह बढ़ रहा है जिसमें बुजुर्गों की संख्या काबिले तारीफ है। 16 जनवरी से 14 अप्रैल तक इस टीकाकरण अभियान में अब तक एक लाख से अधिक टीके दिए जा चुके हैं। इनमें टीके का पहला और दूसरा डोज शामिल है। जिले में अब तक 100336 की संख्या में टीके दिए जा चुके हैं। जिनमें पहला डोज लेने वालों की संख्या 90547 व दूसरा डोज लेने वालों की संख्या 9789 है। हालांकि, गुरुवार को हुए सत्र संचालन की बात की जाए, तो इनकी संख्या में और भी बढ़ोत्तरी होगी। इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया पहले की अपेक्षा लोगों में टीकाकरण को लेकर जो भी भ्रांतियां थी, अब वह दूर हो चुकी हैं। इसलिए टीकाकरण सत्र स्थल पर अब लोग दोगुने उत्साह के साथ टीका लेने के लिए जुट रहे हैं। जैसे जैसे राज्य मुख्यालय के द्वारा वैक्सीन की वाइल उपलब्ध कराई जा रही है, उसी अनुसार जिले में सत्रों का संचालन भी किया जा रहा है।
52800 बुजुर्ग ले चुके हैं टीके का पहला डोज :
डीआईओ डॉ. सिंह ने बताया जिले में अब तक 60 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 52800 लोगों को टीके का पहला डोज दिया जा चुका है। वहीं, 1568 बुर्जुगों ने दूसरा डोज भी ले लिया है। इसी क्रम में 45 से 60 वर्ष तक 26827 लोगों ने पहला व 450 ने दूसरा डोज ले लिया है। स्वास्थ्य कर्मियों की बात करें तो 6289 को पहला व 4900 को टीके का दूसरा डोज दे दिया गया। वहीं, 4631 फ्रंट लाइन वर्कर्स ने पहला व 2871 ने टीके का दूसरा डोज ले लिया है। हालांकि, इस उपलब्धि के लिए जिले में कई स्तरों पर विशेष ड्राइव भी चलाए गए थे। जिसके कारण आज यह मुकाम हासिल हो सका है। जिले के बुज़ुर्ग अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। अब बारी 45 से 60 वर्ष के लोगों की है कि वह जल्द से जल्द अपना टीका अवश्य ले लें।
अभी भी एक बड़ा वर्ग टीके से है वंचित :
डीआईओ डॉ. सिंह के अनुसार सरकार के निर्देशों के तहत 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका दिया जा रहा है। लेकिन, अभी भी जिले का एक बड़ा वर्ग टीके से वंचित है। वह है जिले के युवाओं का, जो अभी भी संक्रमण की संभावना के बीच अपनी दिनचर्या में व्यस्त हैं। डीआईओ ने बताया जब तक जिले के एक-एक व्यक्ति को टीकाकृत नहीं कर लिया जाता, तब तक संक्रमण व उसके प्रभाव को कम नहीं किया जा सकता। इसलिए जरूरी है कि सभी लोग विशेषकर युवा वर्ग कोविड-19 के सामान्य नियमों मास्क व शारीरिक दूरी का सख्ती से पालन करें और दूसरों को भी पालन करने के लिए प्रेरित करें।
संक्रमण से बचने को इन नियमों का करना होगा पालन :
- बिना मास्क व फेसकवर के घर से बाहर न निकलें
- किसी से मिलने या बात करने के दौरान दो गज की शारीरिक दूरी का पालन करें
- बेवजह भीड़भाड़ के इलाकों में जाने से बचें
- नियमित अंतराल पर साबुन से अच्छे से हाथ धोएं
- घर से बाजार जाने के दौरान अपने हाथ में अल्कोहलयुक्त सैनिटाइजर अवश्य रखें

