जरा सी लापरवाही कहीं बदरंग न कर दे होली का त्यौहार!
- अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की रैंडम जांच के लिए स्टेशन पर की गई है व्यवस्था
- प्रतिदिन 500 लोगों की जांच का रखा गया है लक्ष्य, आरटीपीसीआर टेस्ट की बढ़ाई गई संख्या
By amit kumar
M v online Bihar news/बक्सर, 18 मार्च | देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ चुका है। होली के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से लोगों का आना शुरू हो चुका है। ऐसे में जिले में कोई कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज न आ जाए, इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी गयी है। इस क्रम में जिलाधिकारी अमन समीर के निर्देश पर बक्सर स्टेशन पर यात्रियों की रैंडम जांच की व्यवस्था की गई है। जहां पर अन्य राज्यों से आने वाले लोगों की जांच की जाएगी और रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद ही उन्हें घर जाने दिया जाएगा। हालांकि, जिले में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन, संक्रमण के दूसरे चरण में स्वास्थ्य विभाग किसी भी प्रकार की जोखिम नहीं उठाना चाहता है। इस क्रम में जिले के सभी सरकारी अस्पताल में कोरोना संक्रमण की जांच शुरू की जा रही है। फिलवक्त जिले में प्रतिदीन 500 लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, जिले में आरटीपीसीआर किट के माध्यम से होने वाली जांच की संख्या भी बढ़ा दी गयी है। ताकि, अन्य जिलों व राज्यों से आने वाले अधिक से अधिक लोगों की जांच की जा सके।
लोगों को जांच कराने के लिए किया जाएगा जागरूक :
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ ने बताया होली के पर्व के दौरान बाहर से बड़ी संख्या में लोगों को आने के साथ साथ संक्रमण प्रसार की संभावना को नकारा नहीं जा सकता है। ऐसे में बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए आशा कर्मियों, जीविका दीदियों व आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही, उनके द्वारा बाहर से आने वालों को कोविड-19 जांच कराने के लिए जागरूक भी किया जाएगा। ताकि शत-प्रतिशत लोगों की जांच हो सके । लोगों को जांच कराने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके मद्देनजर प्रखंड स्तर पर भी रैपिड एंटीटीजन व आरटीपीसीआर जांच की व्यवस्था की गई। जिससे लोग अपने सुविधानुसार अपने नजदीकी जांच सेंटर पर जांच करवा सकें।
सरकारी अस्पताल में चल रहा है वैक्सीनेशन अभियान :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया कोविड-19 संक्रमण को पूरी तरह जड़ से मिटाने के लिए जिले के सभी सरकारी अस्पताल में वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है। जहां पर लोग उत्साह के साथ वैक्सीनेशन कराने आ भी रहे हैं। किन्तु, वैक्सीनेशन अभियान को और तेज देने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गत दिनों विभिन्न राज्यों में संक्रमण के प्रसार में वृद्धि दर्ज की जा रही है। किन्तु, इससे बचाव का एकमात्र उपाय सतर्कता और वैक्सीन ही है। लोगों को वैक्सीन पर सकारात्मक भरोसा कर निश्चित रूप से बारी आने पर वैक्सीनेशन कराना चाहिए। साथ ही, मास्क व शारीरिक दूरी के नियमों के पालन जारी रखें। ताकि खुद के साथ-साथ पूरा समाज भी सुरक्षित रहे।
इन मानकों का करें अवश्य पालन :
- मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
- भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।
- अनावश्यक यात्रा से बचें।
- बाहरी खाना खाने से परहेज करें।
- साबुन या अल्कोहल युक्त पदार्थों से हाथ धोएं।
- यात्रा के दौरान आवश्यक दूरी का ख्याल रखें और निश्चित रूप से मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करें।
- गर्म व ताजा खाना का सेवन करें, बासी खाना से बिलकुल दूर रहें।

