तीसरे चरण के टीके के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, 60 वर्ष से अधिक के लोगों को दिया जा रहा टीका
- कोविड-19 के टीके के लिए कोविन पोर्टल व आरोग्य सेतु के माध्यम से कर सकते है स्वयं अपना रजिस्ट्रेशन
- जिले के सभी फ्रंट लाइन वर्कर्स और स्वास्थ्य कर्मियों ने कसी कमर, लोगों को कर रहे जागरूक
By amit kumar
M v online Bihar news/बक्सर, 01 मार्च | जिले के 60 वर्षीय व उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने एक मार्च से जिले में उनके लिए तीसरे चरण के तहत टीकाकरण का अभियान शुरू कर दिया है। इस क्रम में सदर अस्पताल में बने टीकाकरण सत्र स्थल में सोमवार को टीका देने का काम शुरू किया गया। दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के टीका लेने के बाद जिला स्वास्थ्य समिति ने स्पॉट रजिस्ट्रेशन कर लाभार्थियों को टीकाकृत किया।
इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया सरकार व विभाग के निर्देशानुसार जिले में तीसरे चरण के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। रजिस्ट्रेशन के बाद सभी सरकारी अस्पतालों व चयनित निजी स्वास्थ्य संस्थानों में तीन मार्च से निःशुल्क टीकाकरण का अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने कुछ शर्तें रखी हैं, जिसके अनुसार तीसरे चरण में सबसे पहले 60 वर्ष व उससे अधिक उम्र के लोगों के अलावा 45 वर्ष से लेकर 59 वर्ष के गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को ही पहले टीकाकृत किया जाएगा।
ऑन द स्पॉट भी करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन :
डीआईओ डॉ. सिंह ने बताया कोविड-19 के खिलाफ दिया जाने वाला टीका पूरी तरह से निःशुल्क है। लेकिन, इसका लाभ लेने के लिए सबसे पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। कोविड-19 के टीके के लिए कोविन पोर्टल व आरोग्य सेतु के माध्यम से स्वयं अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते है। साथ ही, लाभार्थियों के लिए ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू की गई है। लेकिन, इसके लिए लाभार्थियों को अपना आधार कार्ड व मोबाइल नंबर लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया लाभार्थी द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण करने के बाद उनके मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाएगा। जिसके प्रविष्टि के उपरांत ही कोविन 2.0 पोर्टल पर पंजीकरण होगा। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर लाभार्थी अपने निकटतम कोविड-19 करण केंद्र का चयन कर सकते हैं। साथ ही साथ उपलब्ध स्लॉट में से अपने लिए टीकाकरण की तिथि भी निर्धारित कर सकते हैं।
लोगों को किया जाएगा जागरूक :
डीआईओ( जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी) डॉ. सिंह ने बताया टीकाकरण का लाभ अधिक से अधिक लोग उठा सकें, इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों व फ्रंट लाइन वर्कर्स से अपील की गई है कि वह अपने क्षेत्र के लोगों को टीके के लिए जागरूक करें। ताकि, अधिक से अधिक लक्षित लोगों को टीकाकृत किया जा सके। वहीं, दूसरी ओर टीकाकरण की व्यापकता को देखते हुए सरकारी एवं निजी अस्पतालों (आयुष्मान भारत के अंतर्गत एवं सीजीएचएस एंपेनल्ड) में टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। एक मार्च से शुरू हो रहे तृतीय चरण में लक्षित लाभार्थियों का टीकाकरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक के सभी सरकारी संस्थानों में नि:शुल्क किया जाएगा। अगर टीकाकरण कराने के लिए निजी अस्पतालों का चयन करते हैं, तो इसकी सुविधा चिन्हित निजी अस्पतालों (आयुष्मान भारत के अंतर्गत एवं सीजीएचएस एंपेनल्ड) में सशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।


