नवविवाहित दंपति को आशा कार्यकर्ता गिफ्ट करेंगी ‘शगुन किट’, घर-घर जाकर देंगी उपहार
जिले की 1334 आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण, अब परिवार नियोजन की दिशा को मिलेगा बलBy amit singh
M v online bihar news/बक्सर, 02 जनवरी – परिवार नियोजन की महत्ता व उसके उद्देश्य की पूर्ति के लिए जिले के नव-दंपतियों को स्वास्थ्य विभाग जागरूक करने में लगा है। इसके लिए विभाग ने नई पहल की तैयारी की है। जिसके तहत नवविवाहित जोड़ों को शादी में मिलने वाले पारंपरिक उपहार की तरह स्वास्थ्य विभाग एक नया तोहफ़ा दे रहा है। जिसे शुभ-शगुन किट या नई पहल किट नाम दिया गया है। इसे आशा कार्यकर्ता की ओर से नवविवाहित जोड़े को भेंट किया जा रहा है। जिसके माध्यम से दूल्हे व दुल्हन को परिवार नियोजन के बारे में जागरुक किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के तहत जनसंख्या स्थिरिकरण से नवविवाहितों को जोड़ने के लिए प्रेरणा दी जाएगी। इस किट में स्त्री, पुरुष के लिए परिवार नियोजन की सामग्री रखी गयी है। परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर नवविवाहित जोड़े को किट में उपलब्ध परिवार नियोजन साधनों के विषय में जानकारी भी देंगी। इसके लिए जिले की 1334 आशा कार्यकर्ताओं को एक-एक शगुन किट उपलब्ध कराया गया है। साथ ही, जिले के सभी पीएचसी स्तर पर उनका उन्मुखीकरण किया गया है। ताकि, वह नव दंपतियों को परिवार नियोजन के संबंध में जागरूक कर सके।
आशाओं को दी जा रही जानकारी :
प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार ने बताया जनवरी माह में जिले में परिवार विकास मिशन योजना के तहत कई कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके पूर्व पुरुष नसबंदी पखवाड़ा 'स्वस्थ जीवन एक महत्वपूर्ण पहल' की शुरुआत की गई थी। विभागीय निर्देश के तहत अब सभी आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर योग्य दंपतियों से बात करके उन्हें परिवार नियोजन के उपलब्ध सभी साधनों से अवगत कराएंगे तथा उनका विशेष जोर पुरुष नसबंदी पर दिया जाएग। उन्हें देने हेतु एक जानकारी कार्ड और समुदाय में परामर्श के लिए एक पम्पलेट भी उपलब्ध कराया गया है। सभी आशा कार्यकर्ता उसे लेकर घर घर जाकर कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु कार्य करेंगी।
शगुन किट में शामिल है कई जरूरी सामग्री :
परिवार विकास मिशन की निगरानी कर रहे डीसीएम संतोष कुमार ने बताया लाभार्थी महिलाओं को दिए जाने वाले जूट बैग से बने शगुन किट में कई जरूरी सामग्री शामिल हैं। इनमें तौलिया, दो सेट रुमाल, कंघी, ऐनक, सेंट, जानकारी कार्ड, आशा व एएनएम के मोबाइल नंबर, विवाह पंजीकरण फॉर्म, एक पंपलेट, कंडोम किट, गर्भ निरोधक गोलियां, गर्भ जांच किट, इमरजेंसी कंट्रासेप्टिव पिल्स एवं एक बधाई पत्र जिसमें परिवार नियोजन के फायदों के बारे में लिखा होगा। जिसका उद्देश्य नवविवाहित जोड़ों को जनसंख्या स्थिरिकरण के साथ दो बच्चों के लिए प्रोत्साहित करना है।
सुविधा अनुसार कर सकेंगे सामग्रियों का इस्तेमाल :
डीसीएम संतोष कुमार राय ने बताया इस योजना का उद्देश्य नवविवाहित जोड़ों को पारिवारिक और वैवाहिक जीवन के दायित्वों के लिए तैयार करना है। नए जोड़ों के लिए नई पहल किट में पति और पत्नी के लिए आपातकाल में प्रयोग की जाने वाली गर्भनिरोधक गोलियां, सामान्य गर्भनिरोधक गोलियां और कॉन्डम होंगे। इससे नवविवाहित जोड़े परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों को जान सकेंगी एवं सुविधा अनुसार इसका इस्तेमाल भी कर सकेंगी।





