बक्सर जिले के सभी पीएचसी पर सप्ताह में अब दो दिन ही होगा कोविड-19 के लिए टीकाकरण
- अगले शनिवार से केसठ व चक्की पीएचसी पर भी शुरू होगा वैक्सीनेशन
- जिले में अब तक 2089 रजिस्टर्ड लाभार्थी हो चुके हैं टीकाकृत
By amit kumar
M v online bihar news/बक्सर, 25 जनवरी| कोविड-19 के वैक्सीनेशन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए राज्य स्वास्थ्य समिति ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इस क्रम में जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर टीकाकरण की शुरुआत की जा रही है। केसठ और चक्की को छोड़ कर अन्य सभी पीएचसी पर टीकाकरण सत्र शुरू हो चुके हैं । आगामी शनिवार से इन दोनों पीएचसी पर भी टीकाकरण शुरू हो जाएगा। साथ ही, अब जिले में दो दिन ही टीकाकरण सत्र का संचालन होगा। इसके लिए राज्य स्वास्थ्य समिति ने मंगलवार और शनिवार का दिन निर्धारित किया है। इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया कोविड-19 टीकाकरण के लिए पहले सात केंद्रों का चयन किया गया था। जिसमें सदर प्रखंड में चार केंद्र संचालित थे। शेष तीन डुमरांव, नावानगर व ब्रह्मपुर पीएचसी पर टीकाकरण अभियान चल रहा था। इस क्रम में बीते शनिवार को राजपुर, चौसा, इटाढ़ी, चौगाईं व सिमरी पीएचसी पर टीकाकरण सत्र की शुरुआत की गई। आगामी शनिवार से जिले के सभी पीएचसी पर रजिस्टर्ड लाभार्थी टीकाकृत हो सकेंगे।
अब तक 2089 लोग हो चुके हैं टीकाकृत :
डीआईओ डॉ. सिंह ने बताया जिले में अब तक पांच टीकाटिकाकरण सत्रों का संचालन किया जा चुका है। प्रत्येक केंद्र पर 100-100 लोगों को टीका देने की व्यवस्था की गई थी। जिसमें पहले चरण के तहत टीका लेने के लिए निबंधित लाभार्थियों में से अब तक 2089 लोग टीका ले चुके हैं। इस क्रम में अब तक जो लोग टीकाकरण टिकाकरण के दौरान अनुपस्थित रहे हैं, उनकी सूची बनाई जा रही है। जिनको बाद में फॉलोअप करके टीका दिया जाएगा। जिन लोगों ने टीका का पहला डोज ले लिया है, उन्हें टीके का दूसरा डोज 28 दिनों के बाद लेना अनिवार्य है। साथ ही, आगामी दिनों में दूसरे चरण के लिए भी रजिस्ट्रेशन जल्द ही शुरू होगा ताकि, जल्द से जल्द जिले को कोरोना से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।
नियमों का करना होगा सख्ती से पालन :
डॉ. सिंह ने कहा देश में विकसित वैक्सीन को हर पहलू की गहरी छानबीन के बाद सरकारी स्तर से इसे मंजूरी मिली है। वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। वैक्सीन के पहले डोज के चार सप्ताह बाद उसी वैक्सीन का दूसरा डोज दिया जाना है। दूसरे डोज के 14 दिन बाद यानी कुल 45 दिन बाद ही शरीर कोरोना वायरस के संक्रमण से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार होता है। तब तक सारी सावधानियां हर हाल में बरतनी चाहिए। बेहतर तो ये है कि टीका लगवाने के बाद भी लोग तब तक मास्क, सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी का पालन करते रहें।
खाली पेट न लगवाएं टीका :
टीकाकरण कराने वाले कर्मचारियों को 30 मिनट निगरानी में रखा जाता है। एहतियात के तौर पर कर्मचारियों को खाली पेट टीका न लगवाने के बारे में कहा जा रहा है। साथ ही, सभी को यह भी कहा जा रहा है कि टीका लगने के बाद अगर आपको किसी भी तरह की दिक्कत महसूस होती है तो आप नज़दीक के स्वास्थ्य अधिकारियों, डॉक्टर, एएनएम या आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। टीका लगाते समय ये सारी बातें लाभार्थियों को बताई जाती हैं।

