मास्क का गलत प्रयोग सेहत पर पड़ सकता है भारी
- मास्क पहनते समय नियमों का रखें ख्याल, थ्री लेयर मास्क अनिवार्य
- गंदे और गीले मास्क का इस्तेमाल न करें
- मास्क हमें दूसरे संक्रामक रोगों से भी बचाता है
- बिना मास्क वालों से चौक-चौराहों ओर वसूला जा रहा है जुर्माना
By amit singh
M v online bihar news/बक्सर,/जिले में कोरोना का प्रसार भले ही कम हो गया है, लेकिन कोविड-19 की मौजूदगी अभी भी नकारी नहीं जा सकती। ऐसे में सभी लोगों को कोविड-19 के बनाये गए नियमों का पालन जरूरी हो गया है। इस क्रम में प्रशासन ने भी सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बिना मास्क वालों के खिलाफ अभियान चलाना शुरू किया है। जिसके तहत चौक-चौराहों पर बिना मास्क के चलने वालों से रुपये जुर्माना वसूलना शुरू किया है। ताकि, लोग डर से ही सही लेकिन मास्क का उपयोग करना शुरू कर दें। जिला प्रशासन के निर्देश पर कोरोना संक्रमण के समय में मास्क पहनने को अनिवार्य किया गया है। वहीं लोगों ने भी इसकी महत्ता को समझा है, पर सिर्फ मास्क पहनना ही कोरोना से बचाव नहीं है। डब्ल्यूएचओ व स्वास्थ्य विभाग भी समय-समय पर लोगों को मास्क के उपयोग का तरीका बताती रहती हैं। जिससे मास्क पहनने की उपयोगिता सिद्ध हो सके। इसके साथ ही मास्क का उपयोग हम विभिन्न संक्रामक रोगों से बचाव के लिए करते हैं।
मास्क का सही उपयोग करना बेहद जरूरी :
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ ने बताया जब तक कोविड-19 का टीका नहीं आ जाता, लोगों को सर्तकता और सावधानी से रहना होगा। कोरोना से लड़ने के दो अहम हथियारों में एक मास्क तो है ही दूसरा है सोशल डिस्टेंस। जब भी हम बाजार या किसी भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में जाते हैं तो हमें कम से कम छह फीट की दूरी बना कर रखनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जुकाम-बुखार, खांसी आदि रोगों के वायरस कब हमारी सांस के रास्ते हमारे शरीर के अंदर चले जाते हैं, हमें पता भी नहीं चलता। मास्क पहनकर हम इन सभी बीमारियों के रास्ते में रुकावट पैदा कर देते हैं और सुरक्षित रहते हैं।
इस प्रकार से करें मास्क का उपयोग :
डॉ. नाथ ने बताया गंदे और फटे हुए मास्क का प्रयोग बिल्कुल न करें। मास्क को पहनने से पहले अपने हाथ को धो लें। सही मास्क का चुनाव कर मास्क के अंदर के सतह को पुष्ट कर लें। मास्क को अपने चेहरे पर लगा लें, यह ध्यान रहे कि मास्क के बगल वाले हिस्से में कोई रिक्त स्थान न रह जाए। अपने मुंह, नाक और ठुड्ढी को ढंक लें। मास्क पहनने के बाद अपने हाथों को धो लें। इसके अलावा मास्क विभिन्न संक्रमित बीमारियों से भी रक्षा करता है। जिसमें टीबी के संक्रमण, छोटी माता या चिकन पॉक्स व खसरा का संक्रमण शामिल है। साथ ही, मास्क हमें धूल कणों यानि वायु प्रदूषण से भी बचाता है।

