लोगों की लापरवाही को देखते हुए अब सख्ती बढ़ाने के साथ कार्रवाई करने की तैयारी
- कोविड-19 से संक्रमित होम क्वारेंटाइन लोगों की निगरानी होगी सख्त, नियमों का करना होगा पालन
- बाहर से आने वालों को हर हाल में करानी होगी जांच
- बिना जांच के घर जाने वाले लोगों को चिह्नित करने के लिए फ्रंटलाइन वर्कर्स को मिली जिम्मेदारी
By amit kumar
M v online Bihar news/बक्सर, 17 अप्रैल | जिले में बढ़ते हुए कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अब सख्ती बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। बीते दिनों स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रात के समय यात्रियों की अफरातफरी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अब उन यात्रियों को चिह्नित करने का काम शुरू किया जाएगा, जिन्होंने स्टेशन पर कोरोना संक्रमण की जांच नहीं कराई है और वहां से भाग निकले। मामले को गंभीर बताते हुए एसडीओ ने बताया महामारी के इस दौर में सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों को चिह्नित करने के लिए स्टेशन पर जांच की सुविधा रखी गयी। ताकि, कोई भी संक्रमित घर जाकर अपने परिजनों को संकट में न डाल दे। स्टेशन पर जांच के बाद संक्रमित लोगों को होम आइसोलेशन रहने की सलाह दी जाती है या कोविड केयर वार्ड में भर्ती किया जाता है। जहां पर चिकित्सकों के द्वारा उनका इलाज किया जाता है। लेकिन, लोगों की लापरवाही को देखते हुए अब सख्ती बढ़ाने के साथ कार्रवाई करने का निर्णय लिया जा रहा है। जिससे लोग नियमों का पालन कर सकें।
अधिकारी करेंगे होम आइसोलेट लोगों की निगरानी :
एसडीओ केके उपाध्याय ने बताया जिले में संक्रमण प्रसार की संभावना बढ़ती जा रही है। ऐसे में संक्रमित लोगों की निगरानी में भी सख्ती बरती जाएगी। जो लोग होम आइसोलेट हैं, अब उनकी निगरानी स्थानीय प्रशासन के अधिकारी करेंगे। ताकि, कोई भी कोविड-19 के प्रोटोकॉल का उल्लंघन न कर सके। इसके अलावा कोविड केयर वार्ड में भी इधर उधर घूमने वालों संक्रमित मरीजों पर भी सख्ती के निर्देश है। यदि संक्रमित व्यक्ति आइसोलेशन अवधि तक संयम और विवेक से काम लें , तो उनके द्वारा किसी और के संक्रमित होने की संभावना बहुत ही कम होगी। उन्होंने बताया जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों में मास्क के लिए रोको टोको अभियान तेज कर दिया गया है। वहीं, सड़कों पर चलने वाले यात्री वाहनों में भी जांच की जा रही है। इन दोनों मामलों में नियम का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है।
फ्रंट लाइन वर्कर्स करेंगे बाहर से आने वालों को चिह्नित :
डीपीएम संतोष कुमार ने बताया बक्सर में अन्य राज्यों व जिलों से लोगों की बड़ी आबादी आयी है। जिनकी कोरोना टेस्ट के लिए स्टेशन और बस स्टैंड पर जांच केंद्र बनाए गए हैं। लेकिन, कुछ लोगों के बिना जांच कराए भाग जाने से स्थिति और भी बिगड़ सकती है। जो लोग बाहर से आये हैं और उन्होंने कोरोना की जांच नहीं कराई है, उनको चिह्नित करने के लिए फ्रंट लाइन वर्कर्स को जिम्मेदारी दी गयी है। ताकि, ऐसे लोगों की जांच जल्द से जल्द कराई जा सके। उन्होंने बताया संकट की इस घड़ी में हम सभी को और अधिक सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। कोई भी बिना कारण घर से बाहर न निकलें । यदि निकलना भी है तो मास्क और शारीरिक दूरी के नियम का पालन अनिवार्य रूप से करें।



