कोरोना की दूसरे लहर में 1144 लोग पूरी तरह से हो चुके हैं ठीक : सीएस
- जिले में एक मार्च से अब तक 79299 लोगों का लिया जा चुका है सैम्पल
- 75710 लोगों की रिपोर्ट आयी निगेटिव, जिले में 1507 एक्टिव मामले
By amit kumar
M v online Bihar news/बक्सर, 30 अप्रैल | जिले में जहां संक्रमण अपने पैर पसार रहा है, वहीं इससे ठीक हो चुके लोगों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। जिले में प्रतिदिन 100 से अधिक संक्रमित लोगों की पुष्टि हो रही है। शुक्रवार को भी 108 नए मरीजों की पुष्टि हुई। जिसके बाद जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 2697 पहुंच गयी। लेकिन, इन सब के बीच अच्छी खबर यह है कि जिले में कोरोना से अब तक 1144 लोग कोरोना को मात देते हुए पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। जिला स्वास्थ्य समिति से मिले आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 79299 लोगों की जांच की जा चुकी है। जिनमें से 78191 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। शेष 1108 लोगों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। हालांकि, जिले में 75494 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव व 2697 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। वहीं, जिले में कोरोना से लड़ाई के लिए 368 माइक्रो कंटेन्मेंट जोन बनाए गए हैं । ताकि, संक्रमण के प्रभाव को कम किया जा सके। जिलाधिकारी अमन समीर ने संबंधित एसडीओ को माइक्रो कंटेन्मेंट जोन की निगरानी का जिम्मा दिया है।
रिपोर्ट निगेटिव होने पर भी होगा इलाज :
डीपीएम संतोष कुमार ने बताया जिले में जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। साथ ही, कोरोना के लक्षण वाले मरीजों की पहचान के लिए सर्वे चल रहा है। जिसमें आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका, जीविका समूह की दीदियां व अन्य फ्रंट लाइन वर्कर लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कोविड के लक्षण वाले रोगी को भी अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने के साथ ही आरटीपीसीआर जांच के लिए आवश्यकतानुसार मशीन की खरीददारी एवं कर्मियों की कमी को दूर करते हुए इसे अविलंब शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कंटेन्मेंट जोन में लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार कराते समय अन्य बातों के अलावा कोरोना संक्रमण की स्थानीय स्थिति को भी बताया जाएगा, जिससे ग्रामीण स्तर पर भी प्रचार का अच्छा प्रभाव पड़े।
नियमों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई :
जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया हाट व बाजारों में लोगों की भीड़ न जुटे इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इस क्रम में जिला प्रशासन द्वारा भीड़-भाड़ की जगह वाली सब्जी मंडियों पर भी रोक लगाते हुए उन्हें खुले जगह में स्थानान्तरित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यदि, प्रतिबंध के बाद भी लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो उचित कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया गृह विभाग से मिले निर्देशों के तहत रात्रि कर्फ्यू शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू किया गया है। विवाह समारोह के लिए रात्रि कर्फ्यू रात्रि 10 बजे तक प्रभावी होगी। शादी समारोह के दौरान डीजे साउंड का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। शादी समारोह के लिए 50 व्यक्तियों एवं अंतिम संस्कार के लिए मात्र 20 व्यक्तियों को शामिल किया गया है। वहीं, इस अवधि के दौरान सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में 25 प्रतिशत उपस्थिति के साथ कार्य करना सुनिश्चित करना होगा।

