एक मार्च तक ही फ्रंटलाइन वर्कर्स को दिया जाएगा कोविड-19 वैक्सीन का पहला डोज
- राज्य स्वास्थ्य समिति ने की सभी फ्रंट लाइन वर्कर्स से टीका लेने की अपील
- दूसरे चरण में अब तक 2600 से अधिक लोग हो चुके हैं टीकाकृत
by amit kumar
m v online bihar news/बक्सर, 20 फरवरी | जिले में दूसरे चरण के तहत लोगों को टीका देने का काम जल्द ही समाप्त होने वाला है। राज्य स्वास्थ्य समिति ने फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहला डोज लेने की तिथि एक मार्च तक निर्धारित की है। इस क्रम में स्वास्थ्य समिति ने सभी निबंधित लोगों एक मार्च तक वैक्सीन लेने की अपील की है। जिले में अब तक 2600 से अधिक लोगों को दूसरे चरण में टीके का पहला डोज दे दिया गया है। साथ ही, पहले चरण में पहला डोज ले चुके लगभग 600 लोगों को टीके का दूसरा डोज दिया जा चुका है। पहले चरण के लोगों को दूसरा डोज देने के लिए विभाग ने सोमवार और गुरुवार का दिन निर्धारित किया है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) डॉ राजकिशोर सिंह ने बताया सरकार के द्वारा अब तक जारी निर्देशों के अनुसार 1 मार्च तक हर हाल में फ्रंटलाइन वर्कर को टीके का पहला डोज देने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। टीका लेने के 28 दिनों के बाद उन्हें दूसरा डोज लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
जल्द ही शुरू हो सकता है तीसरा चरण :
डीआईओ डॉ. सिंह ने बताया जिस प्रकार से चरण वार लोगों को टीका दिया जा रहा है, उसको देखकर यह लगता है कि जल्द ही तीसरे चरण के तहत लोगों को कोविड-19 का टीका देने का कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल सरकार व राज्य स्वास्थ्य समिति के द्वारा इस संबंध में कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किया गया है। जैसे-जैसे सरकार गाइडलाइन जारी करेगी, उसके अनुसार तीसरे चरण के तहत लोगों का रजिस्ट्रेशन व अन्य कार्य शुरू किये जायेंगे। हालांकि सरकार ने पूर्व में जारी गाइडलाइन में यह निर्णय लिया था कि तीसरे चरण में 50 वर्ष की उम्र पार कर चुके लोगों को टीका दिया जाना है। हालांकि, तीसरे चरण में उन लोगों को भी टीका दिया जाएगा, जो 50 वर्ष से कम आयु के हों लेकिन वह किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हों ।
पूरे नियमों के तहत किया गया है टीके का निर्माण :
डीआईओ डॉ. सिंह ने कहा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय व राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा यह आश्वस्त किया गया है कि कोविड टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित और असरदार है। स्वदेश में निर्मित यह टीका जल्द बनाए गए हैं, लेकिन पूरे नियमों का पालन किया गया, ताकि यह सुरक्षित हो। विभाग के अनुसार जिन लोगों की दवा या किसी प्रकार के खाने की एलर्जी है, वह यह टीका न लगवाएं। साथ ही, गर्भवती, धात्री या ऐसी महिलायें जिन्हें गर्भवती होने की संभावना लग रही है उनको भी यह टीका नहीं लगवाना चाहिए। यह टीका 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए भी नहीं है।
कोविड-19 के नियमों का करना होगा पालन :
डीआईओ डॉ. सिंह ने बताया भले ही टीकाकरण अभियान अभी चरणवार चलेगा। लेकिन, इस दौरान सभी को कोरोना की गाइडलाइन का पालन हर हाल में करना है। टीका लेने वाले भी और नहीं लेने वाले भी। कोरोना एक संक्रामक बीमारी है। इस वजह से सावधानी बेहद जरूरी है।

