ग्रामीणों को परिवार नियोजन साधनों के प्रति जागरूक करने को बांटे जा रहे गर्भनिरोधक साधन
- वार्ड स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए निकली स्वास्थ्य विभाग की रथ
- सदर प्रखंड समेत जिले के सभी पीएचसी से जागरूकता रथ को किया गया रवाना
By amit kumar
M v online bihar news/बक्सर, 22 जनवरी | मिशन परिवार विकास अभियान के तहत जिले में परिवार नियोजन के प्रचार- प्रसार को तेजी कर दिया गया है। एक ओर वार्ड स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं व आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा प्रभात फेरी व गृह भ्रमण किया जा रहा है। वहीं, गांव-गांव तक परिवार नियोजन व उसके साधनों के प्रति प्रेरित करने के लिए जागरूकता रथ निकाली जा रही है। शुक्रवार को जिले के सभी प्रखंडों में दो-दो जागरूकता रथों को स्थानीय प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस क्रम में सदर एमओआईसी डॉक्टर सुधीर कुमार ने सीएचसी परिसर में दो ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाई। मौके पर उन्होंने बताया जिले में 14 से लेकर 20 जनवरी तक दंपति संपर्क सप्ताह का आयोजन किया गया । वहीं, 21 से लेकर 31 जनवरी तक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है । जिसके तहत पुरुष एवं महिला बंध्याकरण के साथ-साथ कॉपर-टी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए सभी आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है। मौके पर बीसीएम प्रिंस सिंह, परिवार नियोजन समन्वयक अमलेश कुमार, एनएम सुनीता कुमारी, केयर की प्रतिनिधि पुष्पांजलि, भीम कुमार, बिनेश्वर प्रसाद, उदय कुमार व अन्य लोग मौजूद रहे।
सेविकाओं को रजिस्टर पर करना है हस्ताक्षर :
सदर एमओआईसी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व सरकारी अस्पतालों से प्रति दिन दो-दो ई रिक्शा खुलेंगी। जिसमें स्पीकर के द्वारा ऑडियो संदेश प्रसारित किया जाता रहेगा। साथ ही, ई-रिक्शा पर बैनर पोस्टर भी लगाए गए हैं। जो इलाके के सभी गांव में परिवार नियोजन व उसके साधनों का प्रचार किया जाएगा। सभी ई-रिक्शा की निगरानी के लिए भी व्यवस्था की गई है। ग्रामीण इलाके में ई-रिक्शा गांव में गई है या नहीं इसके भौतिक सत्यापन के लिए चालक को आंगनबाड़ी केंद्र जाना होगा। जहां सेविका और सहायिका चालक के पास मौजूद रजिस्टर में अपना हस्ताक्षर करेंगी। इससे यह पता रहेगा कि रिक्शा उस गांव में प्रचार के लिए गई या नहीं।
परिवार नियोजन साधनों का किया जा रहा वितरण :
बीसीएम प्रिंस कुमार सिंह ने बताया लोगों को जागरूक करने के साथ साथ उन्हें परिवार नियोजन और उसके साधनों के संबंध जानकारी दी जा रही है। साथ ही, ग्रामीणों के बीच परिवार नियोजन साधनों का वितरण किया जा रहा है। ताकि, ग्रामीणों को इनके प्रयोग के प्रति प्रेरित किया जा सके। इसके अलावा 31 जनवरी तक जिले में लोगों को परिवार नियोजन के बारे में जागरूक किया जाएगा। लोगों को परिवार नियोजन की जानकारी दी जाएगी। लोगों को समझाया जाएगा कि छोटा परिवार रखने से क्या फायदा होता है। इसके अलावा जिले में संचार अभियान भी चल रहा है जो 31 मार्च तक चलेगा। उसके जरिए भी लोगों को परिवार नियोजन की जानकारी दी जा रही है। प्रखंड में दंपतियों को बताया जा रहा है कि एक से दूसरे के बच्चे के बीच 3 साल का अंतराल रखना जरूरी है। इससे ना सिर्फ माता स्वस्थ रहती है, बल्कि बच्चे भी स्वस्थ पैदा होते हैं।



