पांच साल तक के बच्चों को मिलेगी पोलियो की खुराक, 31 जनवरी से शुरू होगा अभियान
- जिले के दो लाख 85 हजार नौनिहालों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित
- जिले के लक्षित बच्चों को खुराक पिलाने के लिए 757 टीम गठित
By amit kumar
M v online bihar news/बक्सर, 27 जनवरी | जिले के नौनिहालों को पोलियो से बचाने की तैयारी फिर से शुरू होने वाली है। इसके लिए जिले में 31 जनवरी से राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जा रही है। पल्स पोलियो अभियान प्रारंभ किये जाने को लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति ने सभी जिला पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये हैं। पत्र के माध्यम से जारी निर्देश में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने 31 जनवरी 2021 से पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस को आयोजित किये जाने का निर्देश दिया है। अभियान के तहत घर-घर जाकर बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इस पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 2 लाख 85 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके सफल आयोजन की पूरी ज़िम्मेदारी फ्रंट लाइन वर्कर्स को दी गई है। जिनमें आशा कार्यकर्ताओं तथा आंगनबाड़ी सेविका व सहायिकाएं शामिल हैं। अभियान की सफलता के लिए सभी विभागीय अधिकारियों व कर्मियों को पूर्व में सूचित कर दिया गया है। ताकि, एक भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से न छूटे।
सदर अस्पताल में जारी रहेगा कोविड टीकाकरण :
पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों एवं सदर व जिला अस्पतालों में कोविड 19 का टीकाकरण यथावत जारी रहेगा। बाकी चयनित केंद्रों पर कोविड टीकाकरण चार फरवरी तक स्थगित किया जाएगा। पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान सभी चयनित सत्र स्थलों पर कोविड 19 का टीकाकरण उक्त अवधि में स्थगित रहेगा तथा पल्स पोलियो अभियान की समाप्ति के पश्चात ही कोविड 19 का टीकाकरण संचालित किया जायेगा। पल्स पोलियो अभियान के प्रचार प्रसार के लिए राज्य स्तर पर पूर्व में आपूर्ति सामग्रियों की तिथि बदल कर उपयोग करना सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया है।
सभी लक्षित बच्चों को खुराक पिलाना अनिवार्य :
डीआईओ डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया जिन बच्चों ने 11 अक्टूबर व 27 नवम्बर को शुरू हुए अभियान में पोलियो की खुराक ले ली थी, उन्हें भी इसकी खुराक पिलानी है। जो अनिवार्य है। ताकि, पोलियो खुराक का चक्र पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि 2.85 लाख बच्चों के लक्ष्य की पूर्ति के लिए जिले में 757 टीम का गठन किया गया है। जिनकी निगरानी में 227 सुपरवाइईजर लगाए जा रहे हैं।
कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से किया जाएगा पालन :
डीआईओ डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया बच्चों को दवाई पिलाने के दौरान कोविड-19 मानक गाइडलाइन का ख्याल रखा जाएगा। बचाव से संबंधित उपायों का पालन करते हुए कर्मी दवा पिलाऐंगे और खुद के साथ-साथ दूसरों का भी कोविड-19 से सुरक्षा का ख्याल रखेंगे। इसको लेकर विभागीय पदाधिकारियों द्वारा सभी कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अभियान में लगे सभी अधिकारियों व कर्मियों को मास्क व ग्लब्स लगाने का सख्त निर्देश दिया गया है।

