लोगों को लापरवाही बरतना पड़ेगा महंगा, जिले में अभी थमा नहीं है कोरोना का संक्रमण
- प्रतिदिन 2800 से 3000 लोगों की हो रही है जांच, कभी एक तो कभी 5 मरीजों की हो रही पुष्टि
- जिला की स्थिति में अमूल सुधार हुआ है, पूर्व की अपेक्षा लोगों में जागरूकता बढ़ी
by amit singh
m v online bihar news/बक्सर/17 नवंबर | जिले में पर्व त्यौहारों का सीजन चल रहा है। दीपावली खत्म होने के बाद सभी छठ पूजन की तैयारी में जुटे हूए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन लोगों को जागरूक करने में लगा हुआ है ताकि, लोगों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अभी कोरोना अभी थमा नहीं है, लेकिन टेस्ट के नतीजे और आंकड़े उम्मीदों से भरे हैं। बक्सर जिले में कोरोना संक्रमण काफी कम हो गया है। पहले जांच कम हो रहे थे और पॉजिटिव अधिक मिल रहे थे। अब आंकड़े उसके उलट आ रहे हैं। जिला में प्रत्येक दिन लगभग 2800 से लेकर 3000 तक जांच हो रहे हैं। जिसमें एक से पांच की संख्या में पॉजिटिव निकल रहे हैं। प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार ने कहा, बेहतर कार्य करने और लोगों को जागरूक करने में मिली सफलता की वजह से जिला की स्थित में अमूल सुधार हुआ है। पूर्व की अपेक्षा लोगों में जागरूकता बढ़ी है। लेकिन अभी भी जिले में संक्रमण अभी कम नहीं हुआ है। लोगों को कोविड-19 के सभी नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
रिकवरी रेट के आंकड़ें उत्साहजनक :
डॉ. नरेश कुमार ने कहा स्वास्थ्य अधिकारियों के सर्वे में पता चला है कि गांव में कोरोना वायरस का संक्रमण न के बराबर हो गया है। ग्रामीण इलाकों में वायरस का संक्रमण अब नाम मात्र का रह गया है। हालांकि, उन ग्रामीण इलाकों में कुछ मरीज मिल रहे जहां से लोगों का शहर आना-जाना लगा रहता है। उन्होंने कहा कि संक्रमण से रिकवरी रेट के आंकड़ें उत्साहजनक जरूर हैं, लेकिन सर्तकता भी बहुत जरूरी है। इसलिए कोरोना वायरस से बचाव के लिए अपनाए जानेवाले सुरक्षात्मक उपाय को अभी अपनी आदतों में शामिल रखें।
36 एक्टिव मामले मौजूद, 3366 लोग हो चुके हैं स्वास्थ :
डीपीएम संतोष कुमार ने बताया कि जिले में अभी कोरोना के 36 एक्टिव मामले ही बचे हुए है। वहीं, 3366 लोग कोरोना से पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। कोविड 19 संक्रमण की रोकथाम में स्वास्थ्य विभाग और आमजन की सामूहिक भागीदारी का परिणाम सामने आया है। जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों के बाद लोगों में नियमों का पालन को लेकर सजगता दिखाई दे रही है। कोरोना से पॉजिटिव लोग जल्दी रिकवर भी हो रहे हैं। कोरोना संक्रमण को हराने के लिए 2 गज की शारीरिक दूरी का पालन करना जरूरी है।
इन बातों का रखें विशेष ख्याल:
- व्यक्तिगत स्वच्छता और शारीरिक दूरी बनाए रखें
- बार-बार हाथ धोने की आदत डाले
- साबुन और पानी से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित हैंड रब का इस्तेमाल करें
- साफ दिखनेवाले हाथों की भी अंतराल पर सफाई करें
- छींकते और खांसते समय अपनी नाक और मुंह को रूमाल या टिशू से ढंके
- उपयोग किए गए टिशू को उपयोग के तुरंत बाद बंद डिब्बे में फेंके
- घर से निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें

